आज से देश में हो रही है एक नई शुरुआत 

नई दिल्ली: एक अप्रैल से देश में एक नई शुरुआत होने जा रही है। बढ़ते वायु प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए कल से अल्ट्रा क्लीन यूरो 6 उत्सर्जन मानक के अनुकूल डीजल और पेट्रोल की सप्लाई शुरू हो जाएगी। हालाँकि, फ़िलहाल यह केवल दिल्ली में होने जा रहा है। देश की तीनों बड़ी कंपनियां आईओसी, एचपीसीएल, और बीपीसीएल के पेट्रोल पंप पर ये नया पेट्रोल और डीजल उपलब्ध होगा।

बाद में देने होंगे ज्यादा दाम
नए पेट्रोल और डीजल के लिए उपभोक्ताओं से फ़िलहाल कोई भी अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जायेगा। कंपनियों के मुताबिक, लागत के हिसाब से स्वच्छ  ईंधन की लागत सामान्य ईंधन की तुलना में 50 पैसे प्रति लीटर अधिक है। जब पूरे देश में ग्रेड-6 पेट्रोल-डीजल की बिक्री शुरू हो जाएगी उसके बाद लागत को रिकवर करने पर काम किया जाएगा।

183 करोड़ का निवेश 

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) के अधिकारियों ने बताया कि आईओसी, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी एक अप्रैल से अपने सभी 391 आउटलेटों पर कम प्रदूषण फैलाने वाले ईंधन की सप्लाई शुरू कर देंगी। दिल्ली में वार्षिक 9.6 लाख टन पेट्रोल और 12.65 लाख टन डीजल की खपत होती है और इसे पूरा करने के लिए मथुरा (उत्तर प्रदेश), पानीपत (हरियाणा), बीना (मध्य प्रदेश) और भटिंडा (पंजाब) रिफाइनरी ने यूरो-6 ग्रेड ईंधन का उत्पादन करना शुरू कर दिया है। स्वच्छ ईंधन बनाने के लिए अकेले पानीपत रिफाइनरी पर 183 करोड़ रुपए का निवेश किया गया है।

पुणे में अगले साल 

देश में दिल्ली ऐसा पहला शहर होगा जहां यूरो-4 ग्रेड से अपग्रेड कर यूरो-6 ग्रेड का पेट्रोल-डीजल बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जायेगा। पुणे, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में अगले साल 1 जनवरी से ग्रेड-6 ईंधन उपलब्ध  कराया जाएगा। देश के अन्य हिस्सों में इसे अप्रैल 2020 से उपलब्ध कराया जाएगा।