उत्तर कोरियाई नाव जापानी गश्ती नौका से टकराई

टोक्यो, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)| जापान सागर में सोमवार को एक बड़ी उत्तर कोरियाई मछली पकड़ने की नाव जापानी मत्स्य एजेंसी की गश्ती नौका से टकरा गई। जापान के सार्वजनिक प्रसारणकर्ता ‘एनएचके’ ने बताया कि जापान के तटरक्षक ने कहा है कि उसे सुबह 9.10 बजे इस घटना के बारे में सूचना मिली।

इसने कहा कि गश्ती नौका ‘ओकुनी’ और उत्तर कोरियाई नाव के बीच टक्कर इशिकावा प्रांत में नोटो प्रायद्वीप के उत्तर-पश्चिम में लगभग 350 किलोमीटर की दूरी पर हुई।

उत्तर कोरियाई नाव में कथित तौर पर पानी भर गया था और चालक दल के लगभग 20 सदस्य समुद्र में गिर गए। गश्ती नौका पर सवार लोगों ने उन्हें बाहर निकाला।

तटरक्षक बल ने कहा कि इसने एक गश्ती नाव और अन्य नौकाओं को जांच के लिए घटनास्थल पर भेजा है।

इसने कहा कि टक्कर मछली पकड़ने के लिए देश की सबसे अच्छी जगहों में से एक जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र यामातोताई जलक्षेत्र में हुई।