उप्र में निवेशकों को सभी सुविधाएं सुलभ कराई जाएं : मुख्यमंत्री

लखनऊ, 8 दिसंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य में निवेशकों को सभी सुविधाएं सुलभ कराई जाएं। उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए नीति का सरलीकरण किया है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में औद्योगिक निवेश का विशेष महत्व है। इसीलिए राज्य में उद्योगों की स्थापना के लिए उनको अधिक से अधिक प्रोत्साहन दिया जाए। इससे जहां एक तरफ विकास होता है, तो दूसरी तरफ लोगों को रोजगार भी मिलता है। अत: प्रदेश में उद्योगों की स्थापना के लिए अधिकारी पूरी रुचि लेकर काम करें।

उन्होंने कहा कि प्रगतिशील किसान भी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसलिए उन्हें प्रगतिशील खेती के लिए प्रेरित किया जाए। गोआश्रय स्थलों के संबंध में उन्होंने कहा कि इन्हें आय का केंद्र बनाया जाए। इसके लिए इन्हें सीएनजी उत्पादन, गोबर के दीप निर्माण और अन्य आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने नगर विकास विभाग को शहरी क्षेत्रों में लागू की जा रही अमृत मिशन और स्मार्ट सिटी योजनाओं की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

–आईएएनएस

वीकेटी/एसजीके