एकता के संदेश के लिए एक साथ मनाई गई शिव और बाबासाहेब जयंती

मावल (पुणे) : डॉक्टर बाबासाहेब भीमराव आम्बेडकर और शिवजयंती शनिवार को धूमधाम से मनाई गयी। हर साल इस मौके पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, लेकिन मावल का आयोजन सबसे ख़ास रहा।

तलेगांव के उप नगर अध्यक्ष सुनील शेलके ने कामशेत में भीम जयंती और शिवजयंती एक साथ मनाई। इसे अपनी तरह की एक नई शुरुआत कहा जा सकता है। दो जयंतियों को एक साथ इस अंदाज़ में शायद इससे पहले कहीं नहीं मनाया गया। कार्यक्रम में  सामाजिक न्याय मंत्री दिलीप कांबले, मावल लोकसभा क्षेत्र से एमपी श्रीरंग बारणे,विधायक महेश लांडगे को आमंत्रित किया गया था। हज़ारों की संख्या में इस आयोजन का गवाह बनने के लिए उपस्थित थे।

शिवजयंती और भीमजयंती को एक साथ मनाने का मकसद समाज में एकता का संदेश देना है। आयोजक सुनील शेलके ने कहा, हमारा उद्देश्य यही है कि लोगों को जात-पात से ऊपर उठकर आपसी सौहार्द बनाये रखने का संदेश दे सकें। कार्यक्रम की शुरुआत कामशेत गांव से शिवजी और बाबासाहेब की प्रतिमा के साथ रैली निकाल कर की गई। इस रैली के बाद शिंदे शाहीबाणा का आयोजन किया गया, जिसमे प्रहलाद शिंदे के परिवार ने गाने पेश किये। कार्यक्रम में उपस्थित भीड़ को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।