कर्नाटक के नौ वरिष्ठ अधिकारियों के यहाँ भ्रष्टाचार रोकथाम विभाग का छापा

बैंगलूर : समाचार एजेंसी

पूरे प्रदेश के नौ वरिष्ठ अधिकारियों के यहाँ भ्रष्टाचार रोकथाम विभाग ने आज एक साथ छापा डाला। भ्रष्टाचार रोकथाम विभाग को जानकारी मिली थी कि इन सभी अधिकारियों ने ग़लत तरीके से बेहिसाब संपत्ति जमा की है। आज सुबह छह बजे से छापे डालने शुरू किए गए। बताया जा रहा है कि इन अधिकारियों से करोड़ों की जायदाद और नकदी प्राप्त हो सकती है।इसमें बेलगाव जिले के हिप्परगी जलाशय की विशेष भूमि अधिग्रहण अधिकारी राजश्री जैनापुरे का भी नाम सामने आया है।

प्रदेश के भ्रष्टाचार रोकथाम विभाग ने आज सात जिलों के नौ अधिकारियों के यहाँ छापा डाला। इसमें बेलगाव, कोप्पल, बिजापुर, कोलार, मंगलूर, तुमकुर जिले शामिल हैं। बेलगाव की भूतपूर्व प्रांताधिकारी और वर्तमान में हिप्परगी जलाशय की विशेष भूमि अधिग्रहण अधिकारी राजश्री जैनापुरे के विभिन्न स्थानों पर भ्रष्टाचार रोकथाम विभाग के अधिकारियों ने छापा डाला। उनके स्वामित्व की बिजापुर, हुबली और बेलगाव की संपत्ति के बारे में एक साथ जाँच शुरू की गई है। उनके दूसरे पति के घर पर भी छापा पड़ा है। वहीं मंगलूर के उत्पाद शुल्क उपाधीक्षक विनोद कुमार, कोलार के सहायक कार्यकारी अभियंता अप्पी रेड्डी, कोप्पल जिला पंचायत के अभियंता, तुमकुर के कृषी सहायक निरीक्षक आदि के साथ नौ लोगों के यहाँ छापा पड़ा है।