कर्नाटक पुलिस ने श्रीलंका के 38 अवैध अप्रवासियों को किया गिरफ्तार

मैंगलुरू, 12 जून (आईएएनएस)। मानव तस्करी पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए शहर की क्राइम ब्रांच पुलिस ने अवैध रुप से भारत आए हुए 38 श्रीलंकाई लोगों को गिरफ्तार किया है।

मंगलुरु और उसके आसपास के इलाकों में कई स्थानों पर छापेमारी के बाद शुक्रवार को गिरफ्तारियां की गईं।

मंगलुरु के पुलिस आयुक्त एन. शशि कुमार के अनुसार, अवैध अप्रवासियों को कथित तौर पर भारत में तस्करी किए जाने से पहले कनाडा में नौकरी देने का वादा किया गया था। 17 मार्च को इन्हें पहले श्रीलंका से तमिलनाडु के तूतूकुड़ी में भेजा गया और इसके बाद तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान जांच से बचने के लिए तस्करों ने इन्हें कर्नाटक भेज दिया।

मंगलुरु में ये अवैध अप्रवासी अपना परिचय तमिलनाडु के दिहाड़ी मजदूर और मछुआरों के रूप में दे रहे थे। पुलिस आयुक्त ने कहा कि तमिलनाडु पुलिस की एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। अवैध प्रवासियों को पनाह देने के आरोप में छह स्थानीय लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।

–आईएएनएस

एएसएन/आरएचए