गोवा में छेड़खानी और मारपीट के आरोपी पुणे के पर्यटकों को न्यायिक हिरासत में भेजा

पुणे समाचार

गोवा में नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और लड़की के भाई से मारपीट करने के मामले में गिरफ्तार किए गए पुणे के 9 लोगों को 5 दिनों की न्यायिक कस्टडी में भेज दिया गया है। इस मामले में यह बात सामने आयी है कि गिरफ्तार किए गए पुणे पर्यटकों में कुछ स्टूडेंट्स और कुछ सेल्समैन हैं। पुणे के धनकवडी इलाके के रहनेवाले हैं, यह घटना 29 मई के दौरान बागा बीच में हुई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के दिन पीड़ित लड़की और लड़का अपने माता पिता के साथ बागा बीच घूमने आए थे, माता पिता पास में कहीं खाना खा रहे थे और दोनों भाई बहन समुद्र किनारे टल रहे थे। इसी दौरान यह सभी आरोपी भी बागा बीच घूमने आए थे और मजा मस्ती और छेड़खानी के चक्कर में लड़की की फोटो खिंचने लगे, जिसका लड़की के भाई ने विरोध किया। इस बीच आपस में बहसबाजी इतनी बढ़ गई, यह लोग हाथापाई में उतर आए। इस घटना के बाद तुंरत लड़की के माता पिता ने इस बारे में कलंगुट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवायी। 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 2 नाबालिग को बाल सुधार गृह में रखा गया है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी अनुसार यह सभी पुणे के रहनेवाले हैं, जिसमें कुछ स्टूडेंट्स और कुछ अलग अलग कंपनियों में सेल्समैन पद पर कार्य करते हैं। घटनावाले दिन ही यह सुबह पुणे से गोवा पहुंचे थे और बागा बीच घूमने आए थे।