चीन का रोवर चांद की सतह पर 652.62 मीटर चला

बीजिंग, 20 फरवरी (आईएएनएस)। चीन के अंतरिक्ष यान चांगए-4 प्रोब के रोवर ने चांद की धरती पर 652.62 मीटर का सफर तय किया है। चीनी नेशनल स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन के लूनर एक्सप्लोरेशन ऐंड स्पेस प्रोग्राम सेंटर ने कहा है कि चांगए-4 प्रोब के लैंडर और रोवर ने 27 चंद्र दिवस तक उम्दा काम किया है। अब उन्हें चंद्र रात के लिए निष्क्रिय मोड में कर दिया गया है।

सेंटर ने कहा है कि निर्धारित समयानुसार शुक्रवार (बीजिंग समय) दोपहर डेढ़ बजे लैंडर को निष्क्रिय मोड में बदल दिया गया, जबकि रोवर – यूटू-2 (जेड रैबिट-2) को शुक्रवार तड़के 1:48 बजे निष्क्रिय मोड में कर दिया गया।

सिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, चांगए-4 प्रोब, जिसे सौर ऊर्जा की कमी के कारण चंद्र रात के दौरान निष्क्रिय मोड में कर दिया गया था, शनिवार तक 778 पृथ्वी दिनों के लिए चंद्रमा के सुदूरवर्ती क्षेत्र में था। इस दौरान रोवर 652.62 मीटर की यात्रा कर चुका है। चांद का एक दिन और एक रात पृथ्वी के 14 दिन के बराबर होते हैं।

सेंटर का कहना है कि रोवर अच्छी स्थिति में है और सभी वैज्ञानिक पेलोड सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।

चांगए-4 प्रोब को 8 दिसंबर, 2018 को लांच किया गया था। इसने 3 जनवरी, 2019 को चंद्रमा के सबसे दूर दक्षिण ध्रुव-ऐटन टोकन में वॉन कर्मन क्रेटर पर पहली बार सॉफ्ट लैंडिंग की।

रोवर यूटू-2 ने अपने तीन महीने के डिजाइन जीवन काल को पार कर लिया है। यह चंद्रमा पर सबसे लंबे समय तक काम करने वाला चंद्र रोवर बन गया है।

–आईएएनएस

एसआरएस/एएनएम