ट्रेन में लगा करंट, बुजुर्ग की मौत

मुंबई: दिल्ली से मुंबई जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस में करंट लगने से एक यात्री की मौत हो गई। मृतक का नाम डोंगरी निवासी नजीम पवास्कर (55) है। नजीम अजमेर शरीफ से वापस मुंबई लौट रहे थे। ट्रेन के इलेक्ट्रिक पैनल के अंदर करंट लगने से उनकी मौत हो गई। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कोच में भीड़ ज्यादा होने की वजह से नजीम पैंट्री की ओर खिसक गए, इसी दौरान उन्हें करंट लग गया।

आखिरी यात्रा
पवास्कर लगभग हर महीने अजमेर शरीफ जाते थे। इस बार उनके साथ में उनके छोटे बेटे नवाज भी थे लेकिन वापसी में नवाज सड़क मार्ग से मुंबई आए और नजीम ट्रेन से। 26 मार्च को बांद्रा जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस करीब सवा चार बजे अजमेर स्टेशन पहुंची। नदीम कोच जी-14 में सवार हुए थे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ‘कोच में पैंट्री भी जुड़ी हुई थी। भीड़ ज्यादा होने की वजह से नजीम पैंट्री की तरफ जाने वाली संकरी जगह की ओर खिसक गए और इलेक्ट्रिक पैनल के संपर्क में आ गए।’