तुरची पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में गांजा बरामद

तासगाव : पुणे समाचार

तुरची (तह. तासगाव) के पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में गांजा बरामद हुआ है। इस मामले में एक प्रशिक्षणार्थी पुलिस और गांजा देने वाले के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। तासगाव पुलिस द्वारा पकड़े गए उक्त दोनों आरोपियों को एक दिन की न्यायिक हिरासत में रखा गया है।

तुरची में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र है। यहाँ के प्रशिक्षणार्थी पुलिस जतिन दत्ता कातकड़े (नि.मुंबई) की बैग से सिगरेट का पैकेट बरामद हुआ। संदेह के आधार पर उसके कमरे की छानबीन की गई तब उसके बैग में 290 रुपए की कीमत का 47 ग्राम गांजा भी हस्तगत किया गया। जाँच में पता चला है कि उसे यह गांजा वहाँ कार्यरत स्वच्छता कर्मी जीवन श्रीपति कांबले (नि.पलूस) ने दिया था। इन दोनों के खिलाफ तासगाव पुलिस में शिकायत की गई, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर एक दिन की न्यायिक हिरासत में रखा है।

“प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षणार्थियों के लिए आचार संहिता, नियमावली बनाई गई है और सभी को इसकी जानकारी दी जाती है। इस मामले की जानकारी तत्काल वरिष्ठों को दी गई है। भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न हो इस बारे में ध्यान रखा जाएगा।”
   – प्राचार्य संजय बारकुंड,
तुरची, पुलिस प्रशिक्षण केंद्र

ज्ञातव्य हो कि तुरची पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में 664 पुलिस प्रशिक्षण ले रहे हैं। आरोपी जतिन मूलत: नासिक का निवासी है और मुंबई से अनुकंपा नियुक्ति पर पुलिस में भर्ती हुआ है। उसके पास गांजा बरामद होने के बाद प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य संजय बारकुंड ने जिला पुलिस अधीक्षक सुहैल शर्मा को इसकी जानकारी दी और तत्काल आरोपियों पर अपराध दर्ज किया गया।

हालाँकि पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में गांजा मिलने की घटना से वहाँ की सुरक्षा और अनुशासन पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आम लोगों की प्रतिक्रिया आ रही है कि जिस पुलिस से कानून-व्यवस्था के सुचारू रूप से पालन करने की उम्मीद की जाती है, उनका प्रशिक्षण इस तरह से होता है तो आगे कुछ भी कहना व्यर्थ है। जनता को उम्मीद है कि आइंदा इस तरह की घटना फिर न हो सकें इसलिए कठोर व्यवस्था की जाएगी।