थेरगाव में गिरोह के वर्चस्व पर विवाद, एक की हत्या

पिंपरीः पुणे समाचार

शहर के विभिन्न इलाकों में गुंडाराज बढ़ता जा रहा है। अपने गिरोह का वर्चस्व साबित करने के लिए किसी भी हद तक जाकर अपराध किए जा रहे हैं। थेरगाव में अपना सिक्का जमाने और दोस्तों के बीच आपसी विवाद के चलते एक युवक पर कोयता और चॉपर से वार कर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक का नाम रूपेश सुखबिर सोराती (उम्र 24 वर्ष, नि. आदर्श नगर, कालेवाड़ी) है। वाकड पुलिस थाने में राजेश अशोक सायलु (उम्र 20 वर्ष नि. आदर्श नगर, कालेवाड़ी) ने शिकायत की है। शिकायत के आधार पर सोन्या उर्फ रोहित डावरे, शुभम टकले, ईश्वर लोंढे, योगेश उर्फ दादा के साथ अन्य चार-पाँच लोगों पर अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार काले वाड़ी में मृतक और आरोपियों के दो अलग दल हैं। अपनी टोली का वर्चस्व रहे इसलिए इन दोनों समूहों में विवाद होता रहता है। एक-दूसरे के दोस्तों के बारे में ग़लत बात कहना और आपसी कहा-सुनी आए दिन की बात है। इसी के चलते 20 फरवरी को दोनों गुटों में जबर्दस्त झगड़ा हुआ। तब मृतक रूपेश सोराती के खिलाफ मारपीट का अपराध दर्ज हुआ था। माना जा रहा है कि इसी बात का बदला लेने के लिए गुरुवार रात 10.30 बजे के आसपास आरोपियों ने ख़ून कर दिया। गुरुवार रात थेरगाव की पानी की टंकी के पास आरोपियों ने रूपेश का रास्ता रोका और उस पर कोयता, चॉपर और सीमेंट के ब्लॉक से हमला बोल दिया। इस हमले में गंभीर ज़ख़्मी हुए रूपेश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रूपेश पर इलाज चल रहा था लेकिन शुक्रवार सुबह लगभग साड़े चार बजे उसने दम तोड़ दिया। इस मामले में तीन आरोपियों को वाकड़ पुलिस ने हिरासत में लिया है और आगे की जाँच की जा रही है।