नामी महिला डॉक्टर को बदनाम करने की धमकी देकर 20 लाख रुपए की फिरौती की माँग

दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद के 5 डॉक्टरों सहित 6 के खिलाफ अपराध दर्ज

उनमें से एक पुणे का भी…

पुणे : पुणे समाचार
शहर की नामी महिला डॉक्टर से बैठक कर उसे ई-मेल के ज़रिए बदनामी की धमकी देने और न मानने पर हाथापाई कर फिरौती में 20 लाख रुपए की माँग करने वाले दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद के 5 डॉक्टरों सहित पुणे के एक व्यक्ति के खिलाफ़ समर्थ पुलिस थाने में फिरौती का अपराध दर्ज किया गया है।

इसके तहत डॉ. प्रदीप चौबे (65, नि. दिल्ली), डॉ. सुरेंद्र उगले (60, नि. हैदराबाद), डॉ. राजेश खुल्‍लर (58, नि. दिल्‍ली), डॉ. अतुल पीटर (50, नि. दिल्‍ली), डॉ. मुफजल लकड़वाला (47, नि. मुंबई) और श्रीहरि ढोरे पाटिल (65, नि. पुणे) के खिलाफ समर्थ पुलिस थाने में अप.रजि.नं.65/2018 के तहत भादंसं धारा

385,323,509,500,506 और 34 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इस मामले में पुणे की नामी महिला डॉक्टर ने समर्थ पुलिस थाने में फरियाद की थी। घटना 26 जनवरी से 22 मार्च 2018 के बीच की है। आरोपी डॉ. प्रदीप चौबे, डॉ. सुरेंद्र उगले, डॉ. राजेश खुल्‍लर, डॉ. अतुल पीटर और श्रीहरि ढोरे पाटिल ने 26 जानेवारी से 22 मार्च 2018 के बीच हुई बैठक में डॉक्टर को बदनामी करने की धमकी देते हुए हाथपाई की। डॉ. मुफजल लकड़वाला ने तो महिला को सीधे-सीधे कहा कि हमें 20 लाख रुपए दो वरना हम इसी तरह बदनामी करते रहेंगे। वहीं श्रीहरि ढोरे पाटिल ने महिला डॉक्टर के साथ ग़लत व्यवहार किया।

जिन पाँचों डॉक्टरों पर अपराध दर्ज किया गया है उनकी गिनती देश के प्रतिष्ठित डॉक्टरों में होती है। डॉ. चौबे दिल्ली के नामी अस्पताल में लैप्रोस्कोपिक सर्जन हैं। उनका इस क्षेत्र में तकरीबन 35 साल का अनुभव है। डॉ. उगले हैदराबाद के नामी अस्तपताल में कार्यरत हैं। वे एमएस जनरल सर्जन, बैरेट्रिक सर्जन और लैप्रोस्कोपिक सर्जन हैं। डॉ. खुल्लर भी एमएस जनरल सर्जन हैं। जबकि डॉ. पीटर डीएनबी हैं और डॉ. लकड़वाला एमएस जनरल सर्जन तथा बैरेट्रिक सर्जन हैं। श्रीहरि ढोरे पाटिल पुणे में चिकित्सा क्षेत्र ( OSSI, ASI,ICS-IS Socities ) में कार्यरत हैं।

पुणे की नामी महिला डॉक्टर से 20 लाख रुपए की फिरौती माँग उसे बदनाम करने की धमकी देने की घटना से चिकित्सा क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। इस मामले में 28 मार्च की देर रात समर्थ पुलिस थाने में अपराध दर्ज किया गया है। अपराध की विस्तृत जाँच पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र मोहिते कर रहे हैं।