पेरम्बलूर यौन शोषण मामले में आरोपियों को बचाया जा रहा : स्टालिन

 चेन्नई, 26 अप्रैल (आईएएनएस)| द्रमुक प्रमुख एम.के. स्टालिन ने शुक्रवार को कहा कि पोलाची यौन शोषण व ब्लैकमेल का मामला अभी सुलझा भी नहीं कि पेरम्बलूर से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें सत्ताधारी अन्ना द्रमुक के एक नेता का हाथ है।

 एक बयान में स्टालिन ने यहां आरोप लगाया कि नए मामले में एक महिला को नौकरी का प्रलोभन देकर लॉज में साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। जहां अन्ना द्रमुक पार्टी के एक नेता ने उसका यौन शोषण किया।

स्टालिन ने पेरम्बलूर पुलिस थाने में वकील पी.अरुल द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि पीड़िता समाज के डर से कुछ नहीं बोल रही है।

स्टालिन ने पुलिस पर मामले को दबाने और आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया।

द्रमुक नेता ने मांग की कि राज्य सरकार यौन शोषण के मामले की जांच कराए और आरोपियों की गिरफ्तार हो।

स्टालिन ने यह भी कहा कि जल्द ही, 23 मई को राज्य में सत्ता परिवर्तन होगा। फिर नई सरकार पोलाची और पेरम्बलूर यौन शोषण के मामले में आरोपियों को बचाने वाले अधिकारियों के खिलाफसख्त कदम उठाएगी।

राज्य में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा की 22 सीटों पर उपचुनाव हो रहा है।

वकील द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि कुछ लोगों का समूह गृहणियों और कॉलेज की छाात्राओं को नौकरी का प्रलोभन देकर साक्षात्कार के लिए लॉज में बुलाते हैं और फिर उनका यौन शोषण करते हैं।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि पीड़ित महिलाओं का वीडियो भी बनाया जाता है, जिसके बाद उन्हें यौन संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल किया जाता है।

पेरम्बलूर के महिला थाने ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।