बाघ को शेर बताने की गलती सुधार लीजिये

अक्सर हम बाघ, शेर, तेंदुआ और चीते को पहचानने में गलती कर जाते हैं। बात केवल हमारी ही नहीं है, बड़े-बड़े मीडिया संस्थानों के पत्रकार भी अपनी खबरों में बाघ को शेर बना देते हैं। जबकि बिल्ली प्रजाति के होते हुए भी चारों में बहुत अंतर है। आज हम आपको इसी अंतर के बारे में बताने जा रहे हैं, ताकि आप बाघ को शेर बनाने वालों की गलती सुधार सकें:

शेर:

शेर को जंगल का राजा कहा जाता है। शेर की पहचान बेहद आसान है। इसके गले में बालों का एक बड़ा घेरा होता है, जिसे इसके मुकुट के तौर पर भी देखा जाता है। इनके शरीर पर किसी तरह की धारियां नहीं होतीं। ये हल्के या गहरे भूर रंग में होते हैं। मादा यानी शेरनी की बात की जाए तो उसके गले पर बालों का घेरा नहीं होता। शेर की दहाड़ सबसे ज्यादा तेज होती है। मौजूदा वक्त में भारत में शेर सिर्फ गुजरात में ही हैं। शेर ज्यादातर सामाजिक होते हैं। यानी वो अमूमन झुंड में रहना पसंद करते हैं, जिसे प्राइड्स कहा जाता है। शेरनी समूह के लिए शिकार करती है और फिर सब उसे खाते हैं।

बाघ:

बाघ को पहचानना भी बेहद आसान है। बाघ के शरीर पर एक ऑरेंज रंग का कोट होता है, जिस पर काले रंग की धारियां होती हैं। साथ ही इसका गले से लेकर नीचे तक का हिस्सा जगह-जगह से सफेद रहता है। शारीरिक बनावट में बाघ शेर के मुकाबले काफी लंबे और वजनी होते हैं। शेर की तुलना में बाघ अकेले रहना पसंद करते हैं, और खुद शिकार करते हैं।

तेंदुआ:

अक्सर लोग तेंदुए को चीता बोलते हैं। जबकि चीते बरसों पहले भारत से खत्म हो चुके हैं। तेंदुए के शरीर पर छोटे छोटे काले रंग के स्पॉट होते हैं। चीते की तुलना में इसकी कदकाठी भारी होती है। हालांकि, इसका आकार बाघ और शेर के मुकाबले छोटा होता है।

चीता:

चीता आकार में तेंदुए की तुलना में छोटा होता है। दोनों में सबसे बड़ा अंतर यह है कि चीता दहाड़ नहीं सकता। दुनिया के इस सबसे तेज जानवर की आंखों से मुंह तक गहरी काली रेखाएं होती हैं। इसका चेहरा बिल्ली प्रजाति के अन्य जीवों का तुलना में छोटा होता है। इसके शरीर पर काफी महीन काले रंग के स्पॉट होते हैं।
जगुआर: अमूमन लोग तेंदुए के जगुआर कह जाते हैं, जबकि ऐसा नहीं है। तेंदुए की तुलना में जगुआर का सिर बड़ा होता है और इसके शरीर के स्पॉट बड़े एवं बिखरे होते हैं। दोनों में सबसे बड़ा अंतर यह है कि जगुआर अमेरिका में पाए जाते हैं, जबकि तेंदुआ एशिया और अफ्रीका में।