मप्र : अपराह्न् 2 बजे तक 42.47 प्रतिशत मतदान, भिंड में कई नेता नजर बंद (लीड-2)

 भोपाल, 12 मई (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश के तीसरे चरण में आठ संसदीय क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था और भिंड में मामूली विवादों के बीच अपराह्न् दो बजे तक 42.47 प्रतिशत मतदाता मतदान कर चुके हैं। भिंड में प्रशासन ने उम्मीदवारों सहित कई नेताओं को नजरबंद किया है।

 राज्य के आठ संसदीय क्षेत्रों मुरैना, भिंड (आरक्षित), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ में मतदान प्रात: सात बजे से शुरू हो गया, और यह शाम छह बजे तक चलेगा। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आ रही हैं। वहीं, कई स्थानों पर गड़बड़ी के चलते ईवीएम बदले गए।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, अपराह्न् दो बजे तक 42.47 प्रतिशत मतदान हो चुका था। मुरैना में 38़ 43 प्रतिशत, भिड में 35़ 38 प्रतिशत, ग्वालियर में 38़ 70 प्रतिशत, गुना में 49़ 03 प्रतिशत, सागर में 4़ 27 प्रतिशत, विदिशा में 48़ 76 प्रतिशत, भोपाल में 40़ 69 प्रतिशत और राजगढ़ में 4़ 30 प्रतिशत वोट पड़ चुके हैं।

भिड संसदीय क्षेत्र के कुछ मतदान केंद्रों से विवाद की खबरें आ रही हैं। वहीं, इसी ससंदीय क्षेत्र में सुरक्षा कारणों से भाजपा, कांग्रेस और बसपा के उम्मीदवारों को विश्राम गृह में नजरबंद किया गया है। इसी तरह भाजपा के पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और अन्य कांग्रेस व भाजपा नेताओं को नजरबंद किया गया है।

सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 85 कंपनियां और राज्य सशस्त्र पुलिस बल की 30 कंपनियां तैनात की गई हैं। राज्य पुलिस के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित कुल 45 हजार 53 सुरक्षा कíमयों की तैनाती किया गया है।

बताया गया है कि इस चरण में कुल 138 उम्मीदवार मैदान में हैं, और इनमें 14 महिला उम्मीदवार हैं। एक करोड़ 44 लाख से ज्यादा मतदाता इन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस चरण की अधिकांश सीटों पर कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है।

राजधानी भोपाल में कांग्रेस के दिग्विजय सिंह का मुकाबला भाजपा की साध्वी प्रज्ञा ठाकुर से है, वहीं गुना में कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया की टक्कर भाजपा उम्मीदवार के. पी. यादव से है। ग्वालियर में कांग्रेस के अशोक सिंह के सामने भाजपा के विवेक शेजवलकर हैं।

इसी तरह मुरैना में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का मुकाबला कांग्रेस के राम निवास रावत से है। राजगढ़ में कांग्रेस की मोना सुस्तानी का मुकाबला भाजपा के रोडमल नागर से है। विदिशा में भाजपा के रमाकांत भार्गव के सामने कांग्रेस ने शैलेंद्र पटेल पर दांव लगाया है।

भिंड और सागर संसदीय सीटों पर मुकाबला नए चेहरों के बीच है। भिंड से भाजपा ने संध्या राय और कांग्रेस ने देवाशीष जरारिया को मैदान में उतारा है। वहीं, सागर में भाजपा के राजबहादुर सिंह का मुकाबला कांग्रेस के प्रभु सिंह ठाकुर से है।