राजस्थान : केंद्र की आर्थिक नीतियों के विरोध में कांग्रेस ने निकाला मार्च

जयपुर, 29 नवंबर (आईएएनएस)| राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने शुक्रवार को केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के विरोध में एक विशाल मार्च का नेतृत्व किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र की नीतियों के कारण देश आर्थिक मंदी की ओर अग्रसर है और बेरोजगारी के साथ ही मुद्रास्फीति भी बढ़ रही है। यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय से शुरू हुआ और सिविल लाइंस में एक विशाल सभा में तब्दील हो गया।

सभा में गहलोत ने कहा कि ‘यह मार्च मुझे अपने पुराने दिनों की याद दिलाता है, जब कांग्रेस चुनाव हार गई थी। यहां तक कि इंदिरा गांधी जैसी प्रधानमंत्री भी उन दिनों हार गईं। इसलिए वर्तमान केंद्र सरकार को गर्व महसूस नहीं करना चाहिए क्योंकि कोई नहीं जानता कि लोगों का मूड कब बदल जाएगा।’

गहलोत ने कहा कि मोदी-मोदी करने वाले जल्द ही भाग जाएंगे। उन्होंने कहा कि वे सोशल मीडिया पर जवाहरलाल नेहरू के बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी सभा को संबोधित किया।

प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्र में लोकतंत्र की बहाली के लिए संघर्ष करेगी। लोगों ने पार्टी के संगठनात्मक कौशल और शासन पर भरोसा करते हुए चुनावों में कांग्रेस को अपना जनादेश दिया है।

कांग्रेस 14 दिसंबर को दिल्ली में रामलीला मैदान में विशाल रैली कर विरोध प्रदर्शन करेगी।

एक अन्य वरिष्ठ नेता विवेक बंसल ने कहा कि केंद्र सरकार गांधी परिवार के एसपीजी सुरक्षा कवच को हटाकर प्रतिशोध की राजनीति में लिप्त है।

सभा को राज्य मंत्री प्रताप सिंह और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भी संबोधित किया।