सूडान में मूसलाधार बारिश, बाढ़ से 43 की मौत

खारतूम, 20 अगस्त (आईएएनएस)। सूडान के अधिकारियों ने घोषणा की है कि हाल ही में देश में आई मूसलाधार बारिश और बाढ़ से 43 लोगों की मौत हो गई है।

सूडान की राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता अब्दुल-जलील अब्दुल रहीम ने गुरुवार को एक बयान में कहा, कुल 43 लोग मारे गए हैं और हजारों घर ढह गए हैं।

उन्होंने कहा कि 2,838 घर पूरी तरह से ढह गए हैं, जबकि 8,621 अन्य आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने बताया कि नील नदी के स्तर में उल्लेखनीय गिरावट आई है। उन्होंने साथ ही देश के दक्षिणी हिस्से के नागरिकों से बारिश के मौसम के अगले चरण के दौरान भारी बारिश की उम्मीदों के बीच सतर्क रहने का आग्रह किया।

बुधवार को संयुक्त राष्ट्र की मानवीय एजेंसी ओसीएचए ने कहा कि देश के 18 राज्यों में से आठ में करीब 12,000 लोग भारी बारिश से प्रभावित हुए हैं।

सूडान अक्सर जून से अक्टूबर तक भारी बारिश के कारण बाढ़ का गवाह बनता है।

पिछले साल बाढ़ ने 138 लोगों की जान ले ली थी और सूडान में हजारों घर तबाह हो गए थे।

–आईएएनएस

आरएचए/आरजेएस