हवलदार सुरेश पाटिल रिश्वत लेते धराया

हुपरी : पुणे समाचार

हुपरी के पुलिस थाने में हवलदार के पद पर कार्यरत सुरेश बापू पाटिल (नि. कणेरी तह. करवीर) को एक आपराधिक मामले में कैद से पहले की कार्रवाई टालने के लिए चार हज़ार रुपए की रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार विरोधी विभाग ने रंगेहाथों धर दबोचा। शुक्रवार रात सवा दस बजे के आसपास थाने में यह कार्रवाई की गई।

अपने अलग अंदाज़ में हुपरी पुलिस थाने को पूरी तरह बदल देने का काम करने के लिए जाने जाते सहायक पुलिस निरीक्षक नामदेव शिंदे के पुलिस थाने में ही हुई इस घटना ने महकमे की साख़ पर बट्टा लगा दिया।

यलगूड़ के कृष्णात दिवटे पर हाथापाई करने के मामले में हुपरी पुलिस थाने में अपराध दर्ज किया गया था। अपराध में गिरफ्तारी की कार्रवाई टालनी हो तो सात हज़ार रुपए की रिश्वत देनी होगी, ऐसी माँग हवलदार सुरेश पाटिल ने की थी। आपसी बातचीत में चार हज़ार रुपए पर समझौता हुआ था। दिवटे ने भ्रष्टाचार विरोधी विभाग से शिकायत की थी। शिकायत की जाँच के बाद भ्रष्टाचार विरोधी विभाग ने शिकंजा कसा और थाने में ही चार हज़ार रुपए स्वीकारते हुए सुरेश पाटिल को रंगेहाथों पकड़ा। पुलिस उप अधीक्षक गिरीश गोड़े के मार्गदर्शन में सहायक निरीक्षक प्रवीण पाटिल, सहायक फौजदार शाम बुचड़े, शरद कोरे, संदीप पासलेकर, रूपेश पाटिल आदि के दल ने यह कार्रवाई की।