26/11 की 10वीं बरसी: मुंबई के गुनहगारों पर अमेरिका ने रखा बड़ा इनाम

वॉशिंगटन: एजेंसी – मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए देश के सबसे बड़े आतंकी हमले को आज 10 साल पूरे हो गए हैं। एक मौके पर अमेरिका की ओर से बड़ी घोषणा की गई है। अमेरिका ने हमले की साजिश रचने, सहायता करने वाले की जानकारी देने पर 50 लाख डॉलर (यानी 35 करोड़ रुपए से अधिक) के इनाम की घोषणा की है। लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों द्वारा देश की आर्थिक राजधानी पर किये गए इस हमले में 166 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में 6 अमेरिकी नागरिक भी शामिल थे। सिंगापुर में पीएम नरेंद्र मोदी के साथ अमेरिकी उपराष्ट्रपति माइक पेंस की मुलाकात के कुछ समय बाद ही यह महत्वपूर्ण घोषणा सामने आई है। लिहाजा कहा जा रहा है कि उक्त मुलाकात के दौरान पेंस ने खुद इस मामले को उठाते हुए चिंता जाहिर की थी कि 10 साल के बाद भी मुंबई हमले के साजिशकर्ताओं को सजा नहीं मिल पाई।  अमेरिका के रिवार्ड फॉर जस्टिस डिपार्टमेंट ने सोमवार को इस इनाम की घोषणा करते हुए कहा कि मुंबई हमले से संबंधित जानकारी, इससे जुड़े साजिशकर्ता की पहचान, गिरफ्तारी या उन्हें सजा दिलवाने में महत्वपूर्ण सूचना देने वाले को 50 लाख डॉलर तक का इनाम दिया जाएगा।

पहले भी हुई है घोषणा

विभाग की तरफ से कहा गया कि अमेरिका अपने अंतर्राष्ट्रीय सहयोगियों के साथ दोषियों की पहचान और उन्हें सजा दिलाने के लिए काम कर रहा है। आपको बता दें कि विभाग की तरफ से तीसरी बार इनाम की घोषणा की गई है। इससे पहले 2012 में लश्कर के संस्थापक हाफिज मोहम्मद सईद, हाफिज अब्दुल रहमान मक्की समेत लश्कर-ए-तैयबा के दूसरे नेताओं की सूचना देने वालों को इनाम देने की घोषणा की गई थी। मई 2005 में संयुक्त राष्ट्र ने लश्कर-ए-तैयबा को प्रतिबंधित संगठनों की सूची में शामिल किया था।

सुरक्षित है मुंबई

वहीं, मुंबई पुलिस कमिश्नर सुबोध कुमार जायसवाल का कहना है कि 26/11 के आतंकवादी हमले के 10 साल बाद आज मुंबई पूरी तरह सुरक्षित है और पुलिस किसी भी आतंकवादी खतरे से निपटने में सक्षम है। जायसवाल ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हम एक लंबा सफर तय कर चुके हैं। मैं मुंबईवासियों को आश्वस्त कर सकता हूं कि महानगर सुरक्षित है और पुलिस किसी भी स्थिति से आपको बचाने में सक्षम है। हमारे पास एक मजबूत और प्रशिक्षित पुलिस बल है, जिसके पास नवीनतम उपकरण, हथियार, रणनीति है और वह सभी चुनौतियों से निपटने के लिए हमेशा तैयार है।