12वीं की छात्रा पर चाकू से हमला

ठाणे : पुणे समाचार

भिवंडी के कामतघर इलाके में 12वीं कक्षा की एक छात्रा पर चाकू से हमला होने की घटना सामने आई है। घटना गुरुवार शाम को तब हुई जब लड़की अपने सहेली के साथ जा रही थी। हमले में लड़की को मामूली चोटें आई हैं। इस मामले में भिवंडी पुलिस ने एक व्यक्ति को शक की बिला पर गिरफ्तार कर लिया है।

वाणिज्य संकाय की 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली 17 वर्षीय छात्रा कामतघर इलाके में रहती है और इन दिनों उसकी परीक्षाएँ चल रही है। गुरुवार शाम लगभग 6.30 बजे वह सहेली के साथ उसके घर कुछ नोट्स लाने के लिए निकली थी। दोनों सहेलियाँ पैदल ही जा रही थी कि तभी मुँह पर कपड़ा लपेटे दो अज्ञात मोटर साइकिल सवार सामने से आए। दोनों युवकों में से मोटर साइकिल पर पीछे बैठे युवक ने पीड़िता के बाजू पर चाकू चला दिया और फिर मान सरोवर की दिशा में अपनी गाड़ी भगा ले गए। ज़ख़्मी छात्रा को रिक्शा में बैठाकर अस्पताल ले जाया गया और इलाज किया गया। लड़की के माता-पिता को ख़बर मिलते ही वे भी अस्पताल पहुँचे। इस मामले की शिकायत नारपोली पुलिस थाने में की गई है। इस मामले में जाँच जारी है।