मनपा कर्मचारियों के यूनिफॉर्म का 17 लाख का कपड़ा हो रहा बर्बाद

पुणे : समाचार ऑनलाईन – मनपा के क्लास-फोर कर्मचारियों के यूनिफॉर्म के लिए दो साल पहले खरीदा गया 17 लाख रुपए मूल्य का कपड़ा धूल खा रहा है। यदि इसका तुरंत उपयोग नहीं किया गया तो इसके खराब हो जाने की आशंका है, मगर वरिष्ठ अधिकारी इस मुद्दे से बेखबर हैं।

पुणे मनपा के क्लास-फोर कर्मचारियों को यूनिफॉर्म दिए जाते हैं। दो साल पहले क्षेत्रीय कार्यालयों के कर्मचारियों के यूनिफॉर्म हेतु करीब 16 हजार मीटर कपड़ा खरीदा गया। इस खरीदी के कुछ दिनों बाद राज्य सरकार द्वारा शिक्षा सामग्रियों से लेकर कर्मचारियों के यूनिफॉर्म से जूतों तक की खरीदी के लिए संबंधित कर्मचारियों के बैंक खातों में पैसे जमा कराने का आदेश जारी किया गया।

मनपा ने राज्य सरकार के आदेश को क्रियान्वित भी किया, मगर पहले खरीदे जा चुके कपड़े को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया। इस वजह से यह कपड़ा अभी तक स्टोर में पड़ा है। यदि कपड़ा ज्यादा दिनों तक बिना किसी उपयोग के पड़ा रहे तो उसके खराब हो जाने की आशंका होती है। यह कपड़ा जिस जगह पर रखा गया है, वहां आग लगने जैसी दुर्घटना से बड़े नुकसान की भी आशंका पैदा हो गई है।