मेडिकल कॉलेज में एडमिशन के नाम पर 20 लाख की ठगी

मुंबई : समाचार ऑनलाइन

मेडिकल कॉलेज में एडमिशन के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश निवासी विश्वनाथ प्रभू साह (5 ) ने अपनी बेटी के एडमिशन के लिए मुंबई में एक शख्स को 20 लाख रुपए दिए, लेकिन एडमिशन नहीं हुआ। अब विश्वनाथ ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ साह की मालाड आप्पा पाड़ा स्थित रविया बधिया चॉल में मूलरूप से यूपी के ही रहने वाले कुमार नामक व्यक्ति से जान-पहचान हुई थी। आरोपी कुमार ने साह से कहा था कि वो उसकी लड़की का रांची के एक मेडिकल कॉलेज में एडमिशन करा देगा। 2014 से 2018 के बीच उसने एडमिशन के नाम पर साह से 20 लाख रुपए भी लिए, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी एडमिशन नहीं हुआ।

जब साह ने आरोपी से पैसे वापस मांगे, तो उसने इंकार कर दिया, इसके बाद पीड़ित ने आरोपी कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज़ कराई। कुरार पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक उदय राजेशिर्के ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस को आरोपी के उत्तर प्रदेश में होने की जानकारी मिली है। उसका कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।