पिंपरी चिंचवड़ में अब तक जमा हुए 290 लाइसेंसी असलहे

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – विधानसभा चुनाव की पृष्ठभूमि पर पिंपरी चिंचवड़ शहर में पुलिस द्वारा लाइसेंसी असलहे जमा करने संबन्धी नोटिस जारी की जा रही है। अब तक 290 लाइसेंसी असलहे पुलिस के जमा किये जा चुके हैं। जबकि शहर में लाइसेंसी असलहों की संख्या 1026 बताई जा रही है। इनमें राजनीतिक दलों के नेताओं के अलावा कई प्रतिष्ठित भी शामिल हैं।
विधानसभा चुनाव की आचारसंहिता 21 सितंबर से लागू की गई है। आचार संहिता लागू होने के बाद ही लाइसेंसी असलहे जमा करने को लेकर नोटिस जारी की जाती है। पिंपरी चिंचवड़ पुलिस ने भी संबंधितों को नोटिस जारी की है। नोटिस मिलने के सात दिनों के भीतर लाइसेंसी असलहे जमा कराने जरूरी है। अब तक 290 लाइसेंसधारी लोगों ने अपने असलहे जमा कराए हैं।
विधानसभा चुनाव के दौरान पैसों के लेनदेन या वोट खरीदने जैसे प्रकारों की रोकथाम के लिए पिंपरी चिंचवड़ पुलिस ने अपनी सीमा में 12 चेकपोस्ट तैयार किये हैं। इसमें हर वाहनों पर कड़ी नजर रखी जायेगी। पुणे- नासिक हाइवे पर तलेगांव चौक, शिक्रापूर चाकण रोड पर एच. पी. चौक, मुंबई-पुणे महामार्गा पर भक्ति- शक्ति चौक, सोमाटणे फाटा, भोसरी आलंदी रोड पर बनाचा ओढा, पुणे- नासिक हाइवे पर मोशी टोलनाका, बंगलुरू-मुंबई महामार्गा पर किवले फाटा, वाकड पुल, चांदणी चौक, उर्से टोलनाका, रावेत औंध रोड पर डांगे चौक, आलंदी- लोणीकंद रोड पर मरकल फाटा आदि जगहों पर चेकपोस्ट कार्यान्वित किये गए हैं।