बाढ़ग्रस्त किसानों के लिए भेजी 36 गायें

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन –  भीषण बाढ़ से सांगली, कोल्हापुर के हजारों किसान तबाह हो गए हैं। उनकी फसल और तबेले का पशुधन उनकी आंखों के सामने बर्बाद हो गये। उन्हें रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं व अन्य सहायता चहुंओर से मिली और मिल रही है। मगर अब उनके सामने बड़ा प्रश्न पशुधन का है। इसे ध्यान में रखकर भोसरी के विधायक महेश लांडगे ने दानी लोगों से पशुधन उपलब्ध कराने की अपील की थी। उनके पशुधन दान उपक्रम के पहले चरण में सोमवार को 36 गायों का दान किया गया।

इसमें से 25 गायें लोगों ने दान की है जबकि विधायक लांडगे ने स्वख़र्च से 11 गायें दान की है। आज श्रावणी सोमवार के उपलक्ष्य में इन गायों का विधिवत दान किया गया। जिला प्रशासन ने सांगली और कोल्हापुर में आई बाढ़ में मौत का शिकार बने पशुधन का पंचनामा कर किसानों की सूची तैयार की है। उन किसानों को पशुधन दान उपक्रम में दान की गई गायें दान की जाएगी। विधायक महेश लांडगे ने बताया कि वे खुद गांव- गांव और किसानों के घर जाकर उन्हें गोदान करेंगे।

विधायक महेश लांडगे ने सार्वजनिक मंडलों से बाढ़ग्रस्त किसानों को गाय, भैंस, बैल उपलब्ध कराने की अपील की है। इसकी शुरुवात भी उन्होंने खुद से की है। गणपति व गौरी त्यौहार पर होम मिनिस्टर पूजा के अध्यक्षता वाले शिवांजली सखी मंच द्वारा भोसरी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किये जानेवाले कार्यक्रमों को रद्द का उसके आयोजन का खर्च बाढ़ग्रस्त किसानों की मदद के लिए देने का फैसला किया है। इससे पहले उन्होंने बाढ़ग्रस्त इलाकों में जीवनावश्यक वस्तुओं से लदे 40 ट्रक भेजे हैं।
यही नहीं उन्होंने और उनके समर्थक नगरसेवक व कार्यकर्ताओं ने करीबन 15 हजार बाढ़ग्रस्त लोगों की मदद की है। बाढ़ग्रस्त इलाकों में मदद कार्य के दौरान जानकारी सामने आयी कि अकेले सांगली जिले के किसानों ने 10 हजार से भी ज्यादा पशुधन खोया है। कोल्हापुर में तो यह आंकड़ा और भी ज्यादा होगा। इसलिए विधायक लांडगे ने सार्वजनिक मंडलों से अपील की है कि, दहीहंडी और गणेशोत्सव के तामझाम का खर्च बचाकर बाढ़ग्रस्त किसानों को पशुधन उपलब्ध कराएं।