पुणे में 2014 की तुलना में 41 हजार अधिक वोटिंग

पुणे : समाचार ऑनलाईन – पुणे संसदीय क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या बढ़ने के बावजूद मतदान प्रतिशत में भले ही गिरावट हुई हो, लेकिन वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव की तुलना में इस बार लगभग 41 हजार अधिक वोटिंग हुई। इस चुनाव में भाजपा-शिवसेना महायुति व कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन में सीधी भिड़ंत है तथा राजनीतिक दलों व निर्दलीयों को मिलने वाले वोटों पर चुनाव परिणाम निर्भर रहने की संभावना है।

पुणे लोकसभा क्षेत्र में 49।84 प्रतिशत मतदान हुआ। 20 लाख 75 हजार 39 मतदाताओं में से 10 लाख 34 हजार 154 वोटर्स ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वर्ष 2014 के चुनाव के समय 18 लाख 6 हजार 953 मतदाता थे, जिनमें से 9 लाख 93 हजार 278 यानी 54।11 फीसदी मतदाताओं ने वोटिंग की थी। पिछले चुनाव की तुलना में इस बार 40,876 अधिक वोट पड़े।

पुणे लोकसभा की परिधि में आने वाले 6 विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक 4,44,252 मतदाता वड़गांव शेरी विधानसभा क्षेत्र में हैं, जिनमें से 2 लाख 6 हजार 181 मतदाताओं ने वोट डाले। इसके अलावा कोथरूड के 3 लाख 98 हजार 966 मतदाताओं में से 2 लाख 527 वोटर्स ने मतदान किया। पर्वती में 3 लाख 52 हजार 358 मतदाता हैं, जिनमें से एक लाख 83 हजार 480 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शिवाजीनगर विधानसभा क्षेत्र में 3 लाख 2 हजार 906 वोटर्स हैं, जिनमें से एक लाख 42 हजार 186 लोगों ने वोट डाले। कसबा विधानसभा में मतदाताओं की संख्या 2 लाख 89 हजार 75 मतदाता हैं। इस क्षेत्र में एक लाख 61 हजार 497 मत पड़े। पुणे कैन्टोन्मेंट के 2 लाख 87 हजार 532 मतदाताओं में से एक लाख 40 हजार 283 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कुल मतदाताओं में 10 लाख 67 हजार 587 पुरुष तथा 10 लाख 7 हजार 372 महिला मतदाता हैं, जिनमें से 5 लाख 51 हजार 91 पुरुषों (51।62%) तथा 4 लाख 83 हजार 56 महिलाओं (47।95 फीसदी) ने मतदान किया। वर्ष 2009 के चुनाव में पुणे में 40।66% मतदान हुआ था।