छत्तीसगढ़ में 62 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, बड़ी मात्रा में देशी हथियार जब्त 

रायपुर | समाचार ऑनलाइन  – छत्तीसगढ़ में 30 अक्टूबर को हुए हमले के बाद सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। राज्य के नारायणपुर में 62 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। बस्तर के आईजी विवेकानंद सिन्हा और नारायणपुर के एसपी जितेंद्र शुक्ला के समक्ष आत्मसमर्पण करने से पहले नक्सलियों ने 51 देश हथियार भी पुलिस को सौंपे। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों द्वारा किए गए हमले में दो पुलिस कर्मियों सहित दूरदर्शन के एक कैमरामैन की भी मौत हो गई थी।
इस हमले के बारे में डीआईजी पी सुंदरराज ने बताया कि,  आरनपुर में नक्सलियों ने घात लगाकर हमारे गश्ती दल पर हमला किया। इस हमले में हमारे दो जवान शहीद हो गए जबकि हमले में घायल दूरदर्शन के पत्रकार ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस हमले में दो और लोग घायल हुए थे।
गत महीने ही गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि, देश में लंबे समय से चल रहे नक्सलवाद का दो-तीन सालों में सफाया हो जाएगा। वह दिन दूर नहीं जब केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल और त्वरित कार्रवाई बल के बलबूते पूरे देश से नक्सलवाद और माओवाद मिट जाएगा। आगे उन्होंने कहा था कि, नक्सलवाद पहले देश के 126 जिलों में था, वह अब सिमट कर 10-12 जिलों में रह गया है।
बता दें कि, भारत आतंकवाद से सर्वाधिक प्रभावित दुनिया का तीसरा देश है, जबकि देश में सुरक्षा बलों पर कई हमलों को अंजाम देने वाले नक्‍सलियों का संगठन सीपीआई-माओवादी चौथा बड़ा आतंकी संगठन है।