अभिनेता दिलजीत दोसांझ पहुंचे ‘सूरमा’ संदीप सिंह के घर

मुंबई। समाचार ऑनलाइन

हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह के जीवन पर आधारित फिल्म ‘सूरमा’ इस हफ्ते रिलीज होने वाली है। फिल्म में संदीप सिंह का किरदार अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने निभाया है। फिल्म के बड़े पर्दे पर रिलीज होने से पहले दिलजीत हॉकी के महारथी संदीप सिंह के होमटाउन शाहबाद पहुंचे। जहां उन्होंने उनके जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण चीजों को करीब से देखा। दिलजीत ने संदीप के परिवार वालों से भी मुलाकात की। इस दौरान दिलजीत के साथ संदीप सिंह अपने स्कूल के उस हॉकी ग्राउंड में भी गए जहां संदीप अक्सर हॉकी सीखा करते थे।

संदीप सिंह के पिता ने दिलजीत को भेंट की हॉकी

संदीप सिंह के पिता ने दिलजीत दोसांझ को अपने बेटे संदीप की हॉकी स्टिक तोहफे में दी है। दिलजीत को तोहफे में मिली वही हॉकी स्टिक है जो संदीप सिंह के साथ उस समय थी जब उन्हें ट्रेन में गोली लगी थी। साथ ही यह स्टिक उनके साथ तब भी थी जब वह व्हीलचेयर पर थे।

दिलजीत ने हॉकी के साथ वीडियो शेयर किया

दिलजीत ने इस हॉकी के साथ एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में हॉकी स्टिक पर एक पेपर लगा हुआ है जिस पर कुछ लिखा हुआ है। दिलजीत ने कैप्शन में लिखा है, ‘सूरमा 13 जुलाई को रिलीज होगी। इसके लायक तो नहीं मैं लेकिन मां का प्यार तो नालायक बच्चे के लिए भी बराबर होता है। थैंक्स संदीप पाजी और फैमिली।’