अभिनेत्री सुजाता कुमार का उनकी बेटी ने किया दाह संस्कार

मुंबई। समाचार ऑनलाइन
फिल्म ‘इंग्लिश विंग्लिश’ में श्रीदेवी की बड़ी बहन का रोल अदा करने वाली सुजाता कुमार को उनके परिवार और करीबियों ने सोमवार को अंतिम विदाई दी। वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थीं। रविवार को उनका निधन हो गया। सोमवार दोपहर सुजाता कुमार का अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले शमशान घाट में हुआ। उनकी बेटी कृतिका और बहन सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने सुजाता को मुखाग्नि दी और दाह संस्कार को पूरा किया।

बोनी कपूर ने निधन पर दुःख जताया
सुजाता के निधन पर श्रीदेवी के पति बोनी कपूर ने गहरा दुःख जताया। बोनी कपूर ने एक वेबसाइट से कहा कि सुजाता से मेरी मुलाकात तब हुई थी जब वो श्रीदेवी के साथ काम कर रही थीं। मैं उनसे एक-दो बार ही मिला।उनके बारे में श्री हमेशा मुझसे कहती थीं कि वो बहुत ही अच्छी इंसान हैं। वो बहुत स्वाभ‍िमानी मह‍िला हैं।
बता दें कि सुजाता लंबे समय से बीमार थीं और अस्पताल में भर्ती थीं। सुजाता एक्ट्रेस सुचित्रा कृष्णमूर्ति की बहन थीं। सुजाता के निधन की जानकारी सुचित्रा ने ट्विटर पर दी थी। खबरों की मानें तो सुजाता मैटेस्टिक कैंसर से पीड़ित थीं और मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती थीं। उनका कैंसर चौथी स्टेज पर पहुंच चुका था। सुजाता के शरीर के कई ऑर्गन भी फेल हो चुके थे। सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने 18 अगस्त को बहन सुजाता की बीमारी के बारे में ट्वीट कर बताया था कि वो आईसीयू में भर्ती हैं। सुचित्रा ने बहन की सलामती के लिए फैंस से दुआ मांगी थी। 19 अगस्त की रात सुचित्रा ने ट्वीट कर जानकारी दी कि सुजाता ने 19 अगस्त 2018 को रात 11.26 बजे दुनिया को अलविदा कह दिया।
सुजाता कुमार के काम को इंग्लिश विंग्लिश में खूब सराहा गया था। सुजाता ने कई टीवी शोज में भी काम किया था। जिनमें होटल किंगस्टन, बॉम्बे टॉकिंग और 24 शामिल हैं।