पत्नी की हत्या के बाद लिखा सुसाइड नोट फिर खुद लगा ली फांसी

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – पत्नी की बीमारी से परेशान पति ने ऐसा खतरनाक कदम उठाया कि पूरे पिंपरी चिंचवड़ शहर में खलबली मच गई। रावेत निवासी पति ने पहले पत्नी के सिर पर हथौड़ी से प्रहार कर उसकी निर्मम हत्या की फिर सुसाइड नोट लिखकर खुद भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। बुधवार की सुबह सवा आठ बजे यह वारदात सामने आयी। रावेत पुलिस को सुसाइड नोट मिल गया है जिसके आधार पर छानबीन शुरू कर दी गई है।
वृषाली शंकर लाटे (44, निवासी शिंदेबस्ती, रावेत, पुणे) ऐसा मृतका का नाम है। खुदकुशी करनेवाले उसके पति का नाम शंकर संजीव लाटे (45) है। पुलिस के मुताबिक यह दंपति निःसंतान है, जिससे वे हमेशा निराश रहते थे। वृषाली कुछ दिनों से किसी बीमारी से पीड़ित थी। उसे होनेवाली यातनाओं से शंकर काफी परेशान और दुखी थे। इसी के चलते उन्होंने वृषाली की हत्या कर खुद भी फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
रावेत पुलिस चौकी को सुबह इस वारदात की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घर में दाखिल होने के बाद देखा तो वृषाली रक्तरंजित स्थिति में नजर आयी जबकि शंकर फांसी से झूलता पाया गया। दोनों लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस छानबीन में जुट गई। पुलिस को शंकर का लिखा सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने लिखा है कि, एक बीमारी के चलते वृषाली मानसिक रूप से परेशान थी। उसे होने वाली यातनाओं से वह भी परेशान था।