न्यूजीलैंड के बाद अब इस मस्जिद में आगजनी, मिला गोलीबारी के जिक्र का खत

नई दिल्ली : समाचार एजेंसी – न्यूजीलैंड के मस्जिद में हुए गोलीबारी में पूरी दुनिया को हिला के रख दिया। इसके बाद अब फिर एक मस्जिद में आगजनी की खबरे सामने आ रही है। यह घटना अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया की है। जहां स्थित एक मस्जिद में आगजनी की घटना हुई। साथ ही घटनास्थल से न्यूजीलैंड में हुए आतंकी हमले का उल्लेख करने वाला एक खत भी मिला है।

इस मामले में पुलिस ने बताया कि घटना में कोई भी जख्मी नहीं हुआ है। इस्लामिक सेंटर ऑफ एस्कोंदिदो के सदस्यों ने दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही आग को बुझा दिया था। मस्जिद में मामूली आग लगी थी। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच आगजनी और घृणा अपराध की आशंका के तौर पर की जा रही है। पुलिस लेफ्टिनेंट क्रिस लिक ने बताया कि पार्किंग स्थल से एक पत्र मिला है, जिसमें इस महीने न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च की दो मस्जिदों पर हुए हमले का जिक्र है। इस हमले में 50 लोगों की मौत हो गई थी। उन्होंने इस बात की ज्यादा जानकारी नहीं दी कि पत्र में क्या लिखा है। जांचकर्ताओं ने संदिग्ध के बारे भी जानकारी साझा नहीं की। रिपोर्ट के अनुसार, घटना के समय मस्जिद में सात लोग मौजूद थे। उन्होंने दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले अग्निशामक से आग को बुझा दिया।

वहीं न्यूजीलैंड में प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने सोमवार को इस बात की जांच के आदेश दिए कि क्या 15 मार्च को क्राइस्टचर्च की मस्जिदों में हुए हमले को पुलिस या खुफिया सेवाएं रोक सकती थीं। अर्डर्न ने कहा कि यह पता करने के लिए न्यूजीलैंड के कानून के तहत उपलब्ध सर्वाधिक प्रभावशाली न्यायिक जांच रॉयल कमीशन की आवश्यकता है कि दुनिया को स्तब्ध कर देने वाले इस हमले में एक अकेले बंदूकधारी ने कैसे 50 लोगों की जान ले ली।