इस महिला पत्रकार ने किया अकबर का बचाव

नई दिल्ली: समाचार ऑनलाइन – यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे पूर्व मंत्री और संपादक एम.जे अकबर का उनकी एक पूर्वसहकर्मी ने बचाव किया है। पत्रकार जोयिता बसु ने #MeToo कैंपेन के तहत अकबर पर आरोप लगाने वाली महिला पत्रकार प्रिया रमानी को कठघरे में खड़ा किया है। दरअसल, जोयिया अकबर की ओर से दायर मानहानि के मुकदमे की सुनवाई के दौरान बतौर गवाह पेश हुई थीं। उन्होंने कहा कि रमानी ने अकबर की छवि को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने के मकसद से ऐसा किया है।

संडे गार्जियन की एडिटर जोयिता बसु ने आगे ने कहा कि इन आरोपों के चलते अकबर की छवि बर्बाद हुई है। एडिशनल चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट समर विशाल की अदालत में पेश हुईं बसु ने कहा कि रमानी ने #MeToo कैंपेन के तहत जो भी ट्वीट किए थे, वे जानबूझकर किए गए थे। रमानी ने अकबर की छवि और साख को नुकसान पहुंचाने के लिए ऐसा किया था।

पत्रकार बसु ने अदालत में कहा कि मुझे अकबर पर कोई संदेह नहीं हैलेकिन मैं जानती हूं कि लोगों की ओर से तमाम सवाल उठाए गए हैं। मुझे यह भी पता है कि इन आरोपों के चलते उनकी छवि ख़राब हो गई है और इसकी भरपाई नहीं की जा सकती। अदालत में अकबर का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि रमानी के ट्वीट्स पढ़ने के बाद मुझे यह भरोसा हो गया था कि अकबर को समाज की नजरों में गिराने के मकसद से ऐसा किया गया है। मैंने अकबर के साथ 20 सालों तक काम किया है और कभी भी ऐसा वाकया सामने नहीं आया और न ही ऐसा कुछ सुना। वह हमेशा एक सम्मानित व्यक्ति रहे हैं।