शहर की सभी 8 सीटें जीतेंगे : प्रकाश जावड़ेकर 

पुणे : समाचार ऑनलाईन –  पुणे शहर की सभी 8 विधानसभा सीटों पर भाजपा के विधायक है। आगामी विधानसभा चुनाव में भी सभी 8 सीटों पर भारी वोटों से जीत हासिल करने का विश्वास केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने जताया।

पर्वती विधानसभा क्षेत्र के भाजपा बूथ प्रमुखों का सम्मेलन शनिवार को बिबवेवाड़ी स्थित अण्णा भाऊ साठे सभागृह में आयोजित किया गया था। इस सम्मेलन में वे मार्गदर्शन कर रहे थे। इस वक्त शहराध्यक्षा विधायक माधुरी मिसाल, महासचिव दीपक मिसाल, उज्ज्वल केसकर, मनपा सभागृह नेता श्रीनाथ भिमाले, स्थायी समिति के अध्यक्ष सुनील कांबले, हरीश परदेशी, जीतेंद्र पोलेकर तथा संजय गावड़े उपस्थित थे।

प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा के प्रति सभी का आकर्षण बढ़ गया है। पिछले पांच वर्षोें में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राज्य में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में विकास की गति बढ़ गई है। योजनाएं नागरिकों तक पहुंच रही हैं। उसी से नागरिकों में अच्छा संदेश गया है। इसलिए आगामी चुनाव में महायुति को तीन चौथाई सीट मिलेंगी।