एक और भाजपा कार्यकर्ता की हत्या

कोलकाता। समाचार ऑनलाइन

पश्चिम बंगाल में एक और भाजपा कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई है। मुर्शिदाबाद जिले में 54 साल के एक दलित भाजपा कार्यकर्ता धर्मराज हजरा का शव एक तालाब से बरामद किया गया। मुर्शिदाबाद के शक्तिपुर पुलिस थाने के तलदंगा गांव के तालाब में हजरा की लाश तैरती हुई मिली। उनके हाथ रस्सी से बंधे हुए थे।

भाजपा ने तृणमूल पर लगाया आरोप
भाजपा ने इसके लिए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा का आरोप है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी के गुंडों ने दलित धर्मराज हजरा कि हत्या की है। बंगाल भाजपा ने ट्वीट कर कहा की, ‘मुर्शिदाबाद में टीएमसी के गुंडों ने दलित भाजपा कार्यकर्ता धर्मराज हजरा की हत्या कर दी और उसके हाथ रस्सी बांधकर तालाब में फेंक दिया। हजरा की हत्या इसलिए की गई, क्योंकि वह भाजपा कार्यकर्ता था।

टीएमसी ने मानवता को शर्मसार किया
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘एक बार फिर से टीएमसी ने मानवता को शर्मसार कर दिया… बंगाल में ममता बनर्जी का शासन हिंसा और क्रूरता का पर्याय बन गया है। भाजपा इस दुख की घड़ी में धर्मराज हजरा के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। मेरी गहरी संवेदना…’ वहीं पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने ट्वीट कर कहा कि, ‘एक और सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता की दर्दनाक मौत। हजरा रविवार रात को लापता हो गया था और सोमवार तालाब से उसका शव बरामद हुआ। उसके हाथ रस्सी से बंधे हुए थे।’ भाजपा का कहना है कि हजरा उसकी पार्टी कार्यकर्ता और कोर कमेटी का सदस्य था। पंचायत चुनाव के बाद से उसको लगातार धमकियां मिल रही थीं।

बात दें कि इससे पहले भी पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में भाजपा के दो कार्यकर्ताओं की हत्या के मामले सामने आए थे।