हरियाणा के चुनावी रुझान आते ही भाजपा ने जजपा पर गड़ाई नजर

 

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)| हरियाणा में रुझानों के सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (जजपा) पर डोरे डालने शुरू कर दिए हैं। भाजपा के हरियाणा प्रभारी और पार्टी महासचिव अनिल जैन ने जजपा संस्थापक की सराहना की। उन्होंने कहा, “दुष्यंत चौटाला एक अनुभवी नेता के रूप में उभरे हैं और वह देवीलाल की विरासत को आगे ले जा रहे हैं।”

जैन ने हालांकि हरियाणा में सरकार बनाने के लिए जजपा के साथ संभावित गठबंधन के सवाल को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “चौधरी देवीलाल कांग्रेस के विरोध में थे और दुष्यंत चौटाला कांग्रेस के साथ नहीं जाएंगे।”

भाजपा के उपाध्यक्ष विनय प्रभाकर सहस्रबुद्धे ने यह भी दावा किया कि पार्टी हरियाणा और महाराष्ट्र दोनों राज्यों में सरकार बनाने में सक्षम होगी।

विनय आईएएनएस से कहा, “दोनों राज्य हमारे पारंपरिक राज्य नहीं रहे। हमने कड़ी मेहनत की और हम अपने लिए एक जगह बनाने में सक्षम हैं। हम हरियाणा में सरकार बनाने में सक्षम होंगे। लोकलुभावनवाद और पहचान की राजनीति को खत्म होने में समय लगेगा।”

visit : punesamachar.com