अटल जी पर जारी होगा 100 रुपए का सिक्का 

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – बाजार में बहुत जल्द 100 रुपए का सिक्का आने वाला है। यह सिक्का पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर जारी होगा। 100 रुपए के सिक्के में अटल जी की तस्वीर बनी होगी। बताया जा रहा है कि सिक्के का वजन 35 ग्राम का होगा। वित्त मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री के इस स्मारक सिक्के का डिजाइन तैयार किया जा चुका है। मुंबई टकसाल जल्द ही इसकी डाई बनाकर ढलाई शुरू कर सकती है।

सिक्के में क्या है खास ?

सरकार की तरफ से जारी एक नोटिफिकेशन के मुताबिक सिक्के पर प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का फोटो होगा और उनका नाम देवनागरी लिपी में लिखा होगा। फोटो के नीचे उनकी जन्म तिथि 1928 से लेकर मृत्यु वर्ष 2018 भी अंकित होगी। वहीं सिक्के के दूसरी ओर अशोक स्तंभ होगा और मध्य में देवनागरी लिपी में सत्यमेव जयते लिखा होगा। इसके अलावा सिक्के के एक तरफ देवनागरी में भारत और दूसरे तरफ अंग्रेजी में इंडिया लिखा होगा। अशोक स्तंभ के नीचे रुपए का सिंबल और 100 रुपए लिखा होगा।

सूत्रों के मुताबिक सरकार उनके 94वें जन्मदिवस को धूमधाम से मनाएगी, जिसमें उनके नाम पर सिक्का जारी करने का ऐलान करेगी। बता दें कि वाजपेयी का निधन इसी साल 16 अगस्त को हुआ था।

अटल जी पर कई नाम –

अटल जी के नाम पर पहले भी कई जगहों का नाम रखा गया है। वाजपेयी के नाम पर हिमालय की चार चोटियों का नाम रखा जा चुका है, वहीं छत्तीसगढ़ के नया रायपुर का नाम अटल नगर रखा जा चुका है। उत्तराखंड सरकार ने भी फैसला किया है कि देहरादून एयरपोर्ट का नाम भी पूर्व पीएम के नाम पर रखा जाए।  लखनऊ के हजरतगंज चौराहे का नाम बदलकर भी अटल चौक रखा गया था।