दो बैंकों पर हमला, बंधकों सहित 12 की मौत

रियो डि जिनेरो : समाचार एजेंसी – ब्राजील के मिलाग्रेस शहर में दो बैंकों पर हुए हमलों में पांच बंधकों सहित 12 लोगों की मौत हो गई। वारदात के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय मेयर लेइलसन लैंडिम ने फोल्हा डि साओ पाउलो नामक समाचार पत्र को बताया कि मारे गए पांचों बंधक एक ही परिवार के थे। ये लोग पास के एक हवाईअड्डे से लौट रहे थे कि तभी कुछ लुटेरों ने इन्हें बंधक बना लिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लुटेरों ने ट्रक लगाकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया और कार को रोका। इस कार में मौजूद परिवार क्रिसमस मनाने के लिए साओ पाउलो गया था। लुटेरों ने पुलिस के आने पर बंधकों की हत्या कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों को ढेर कर दिया।

हथियारों से लैस बदमाश तड़के शहर में घुसा और शहर के मध्य पहुंचकर उसने घटना को अंजाम दिया। इस दौरान संदिग्धों और पुलिस के बीच गोलीबारी हुई। इस दौरान गिरोह के छह सदस्य मारे गए, जबकि छह आम नागरिक भी गोलियां का शिकार हुए। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है। इस दौरान पुलिस ने बैंक पर हमले में इस्तेमाल तीन वाहन,हथियार और विस्फोटक बरामद किया है। बदमाशों ने मिलाग्रेस में एक ही मार्ग पर स्थित दो बैंकों पर हमला बोला। स्थानीय निवासी सैंटा हेलेना ने कहा कि मैंने इस तरह की घटना पहले कभी नहीं देखी।