नए स्ट्रेन का खौफ…ब्रिटेन से आए यात्रियों पर कड़ी नजर, कुछ पॉजिटिव मिले हैं

नई दिल्ली . ऑनलाइन टीम : ब्रिटेन में मिले कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन को लेकर दुनिया भर में एक बार फिर से डर का माहौल पैदा हो गया है।   जानकारी के मुताबिक नया स्ट्रेन पहले वाले वायरस के मुकाबले 70 फीसद अधिक तेजी से फैसला है। ब्रिटिश सरकार ने भी इस बारे में चेतावनी जारी की है, जिसके अनुसार वायरस का ये नया स्ट्रेन बेहद खतरनाक है और नियंत्रण से बाहर है। लंदन और दक्षिण इंग्लैंड में इसके तेजी से बढ़ रहे मामलों को देखते हुए लॉकडाउन लगा दिया गया है। दूसरी तरफ,  ऑस्ट्रिया, फ्रांस, जर्मनी, इटली, तुर्की, कनाडा, नीदरलैंड, बेल्जियम, ऑस्ट्रिया और इस्राइल ब्रिटेन से आने जाने वाली उड़ानों पर  प्रतिबंध लगा चुके हैं। भारत ने भी यह प्रतिबंध लगाया है।

इस बीच, लंदन से अमृतसर लौटे 242 यात्रियों में से आठ कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। इन सभी लोगों का जिनोम टेस्ट किया जाएगा। इस टेस्ट के जरिये यह पता लगाया जाएगा कि कहीं ये लोग कोरोना की नई स्ट्रेन का शिकार तो नहीं हैं। इन आठ पाजिटिव मरीजों को अमृतसर के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर अबतक 984 यात्रियों की जांच की जा चुकी है। इनमें से कुल 11 यात्री कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसमें मंगलवार की रात दो उड़ानों के जरिए दिल्ली के आइजीआइ एयरपोर्ट पर पहुंचे 514 यात्री भी शामिल हैं, जिनकी कोरोना जांच की गई है। इनमें छह यात्रियों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है।

मध्य प्रदेश में अभी तक 405 लोगों के ब्रिटेन से आने की सूचना मिली है। इसमें से 25 नवंबर के बाद ब्रिटेन से 163 लोग इंदौर आए हैं। अब इन लोगों की आरटीपीसीआर जांच के लिए दो सैंपलिंग टीमों का गठन किया गया है।
नागपुर में भी एक यात्री पॉजिटिव मिला है। इसके संपर्क में आए 10 से ज्यादा लोग अभी तक संक्रमित हो चुके हैं। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।