बड़ी कामयाबी: मुंबई पुलिस ने एक हजार करोड़ रुपए की ड्रग्स पकड़ी

मुंबई: समाचार ऑनलाइन – मुंबई के सांताक्रूज से एंटी नारकोटिक्स सेल ने कार से 100 किलो फेंटानिल नामक ड्रग्स बरामद की है। बाज़ार में इसकी कीमत 1 हजार करोड़ रुपए के आसपास है। पुलिस ने इस संबंध में चार लोगों को भी गिरफ्तार किया है। इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स का मिलना पुलिस के बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

पकड़े गए आरोपियों के नाम सलीम धाला, चंद्रमणी तिवारी, संदीप तिवारी और घनश्याम सरोज गिरफ्तार हैं। सलीम धाला को पुलिस ने 2013 में भी गांजा रखने के मामले में गिरफ्तार किया था। फेंटानिल का इस्तेमाल कैंसर के इलाज के लिए किया जाता है। हालांकि, बाज़ार में बेचने के लिए कुछ प्रयोगशालाओं में गुप्त तरीके से इसे तैयार किया जाता है। फेंटानिल का हीरोइन और कोकिन के साथ सेवन किया जाता है। फेंटानिल के ओवरडोज की वजह से अमेरिका में हजारों लोगों की मौत होती है।

पुलिस को इस बारे जानकारी मिली थी कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में फेंटानिल लेकर जा रहे हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने वाकोला सुभाषनगर में जाल बिछाकर आरोपियों को दबोच लिया। सलीम धाला कॉटन ग्रीन में ड्राइवर के रूप में काम करता है। जबकि संदीप तिवारी ग्रेजुएट है और निजी कंपनी में काम करता है।

एनडीपीएस कानून के तहत चारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ड्रग्स के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी यह ड्रग्स कुछ विदेशियों कोबेचने वाले थे, जो अमेरिका आदि देशों में इसकी सप्लाई करते।