भाजपा नगरसेविका की मुश्किलें बढ़ी

पिंपरी। समाचार ऑनलाईन- शैक्षिक योग्यता की गलत जानकारी देकर चुनाव लड़ने और जीतने के आरोप के चलते पिंपरी चिंचवड़ मनपा की सत्ताधारी भाजपा नगरसेविका जयश्री गावड़े की मुश्किलें बढ़ने के आसार नजर आ रहे हैं। सूचना अधिकार के तहत हासिल जानकारी के आधार पर यह खुलासा करने के साथ ही उनपर मनपा और राज्य सरकार के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है।

सूचना अधिकार कार्यकर्ता आशीष मोरेश्वर गावड़े ने चिंचवडगांव प्रभाग नँबर 19 में भाजपा की ओर से नगरसेविका चुनी गई जयश्री गावड़े द्वारा चुनावी नामांकन पत्र के साथ जोड़े गए प्रमाणपत्र और शपथपत्र आदि की जानकारी देने की मांग की थी। गावड़े ने नामांकन के साथ पुणे के महिलाश्रम हायस्कूल व कनिष्ठ महाविद्यालय का लिविंग सर्टिफिकेट जोड़ा है। इसमें स्कूल छोड़ने की वजह लगातार अनुपस्थिति बताकर उन्हें आठवीं अनुत्तीर्ण दर्शाया गया है।

हालांकि उन्होंने नामांकन के साथ शैक्षिक योग्यता के कॉलम में दसवीं उत्तीर्ण- अण्णासाहेब कर्वे शिक्षण संस्था, हिंगणे का उल्लेख किया है। आठवी अनुतीर्ण रहने के बावजूद गावड़े ने दसवीं उत्तीर्ण की गलत जानकारी दी है। इसे सरकार, मनपा और जनता के साथ धोखाधड़ी बताकर आशीष गावड़े ने इस मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पुणे विभागीय आयुक्त, पुणे जिलाधिकारी, पिंपरी चिंचवड मनपा आयुक्त को प्रमाण समेत ज्ञापन सौंपा है।