भाजपा विधायक के दफ्तर के सामने प्रेमिका ने मचाया हंगामा

मैसूर। समाचार एजेंसी

एक भाजपा विधायक के दफ्तर के सामने एक महिला ने जमकर हंगामा मचाए जाने की घटना ने पूरे कर्नाटक में खलबली मचा दी है। इस महिला ने खुद को विधायक की प्रेमिका और पत्नी बताया है। गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे के करीब मैसुरु के कृष्णाराजा सीट से भाजपा विधायक एसए रामदास से मिलने एक महिला उनके दफ्तर पहुंची थी। महिला ने वहां मौजूद कर्मचारियों से विधायक को अपना पति बताते हुए मिलने की बात कही। कर्मचारियों ने विधायक के नहीं रहने की सूचना दी। इससे आक्रोशित होकर उसने जमकर हंगामा मचाया।

महिला पर आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों को अपशब्द कहे। साथ ही मौके से नदारद रहे विधायक को यह धमकी भी दी कि जब तक वह जीवित है वह उनको नहीं छोड़ेगी। अपनी चिल्ला पुकार में उसने खुद को एक जाने-माने परिवार से बताने के साथ विधायक से प्यार का दावा किया। उसने यह भी कहा कि प्यार की खातिर ही उसने चुनाव में अपनी उम्मीदवारी वापस ली थी। इसके बाद से वह लगातार उससे मिलने की कोशिश कर रही हूं लेकिन वे उसका फोन तक नहीं उठा रहे हैं। बहरहाल विधायक के करीबियों से मिली जानकारी के अनुसार यह महिला विधायक को ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रही है। उसने दावा किया है कि विधायक ने उससे शादी की है लेकिन उसके पास कोई प्रूफ नहीं है। यह दिखाता है कि वह विधायक से पैसे ऐंठने की कोशिश में है।