पानी के लिए रास्ता रोकनेवाले राष्ट्रवादी के नगरसेवकों के खिलाफ मामला दर्ज

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – बीते कुछ माहों से दापोडी, फुगेवाडी इलाके में पानी की किल्लत बनी हुई है। इसकी ओर बार- बार ध्यानाकर्षित करने के बाद भी पिंपरी चिंचवड मनपा प्रशासन सुध नहीं ले रहा। इस प्रभाग के चार में से तीन नगरसेवक राष्ट्रवादी कांग्रेस के रहने से प्रशासन यहां पानी की किल्लत को गंभीरता से नहीं ले रहा। यह आरोप लगाते हुए राष्ट्रवादी के स्थानीय नगरसेवक व कार्यकर्ताओं ने बीते दिन पुणे- मुंबई हाइवे पर रास्ता रोको आंदोलन किया। इस आंदोलन के बाद भोसरी पुलिस ने आंदोलनकारी नगरसेवकों समेत 37 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस के नगरसेवक रोहित काटे, राजू बनसोडे, स्वाति काटे और उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस ने गैरकानूनी तरीके से भीड़ जुटाकर हाइवे पर रास्ता रोको आंदोलन करने और यातायात को बाधा पहुँचाने को लेकर मामला दर्ज किया है। दापोडी इलाके में बीते कई माहों से पानी की किल्लत बनी हुई है। यह किल्लत दूर करने को लेकर दापोडीवासी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। मनपा प्रशासन से हर बार उन्हें आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिल सका है। यह इलाका जिस प्रभाग में आता है वहां के चार में से तीन नगरसेवक राष्ट्रवादी कांग्रेस के रहने से सत्तादल भाजपा प्रशासन की आड़ में कृत्रिम किल्लत निर्माण कर रहा है, यह आरोप नगरसेवकों ने लगाया है।
बुधवार को पानी की किल्लत के लिए सत्तादल और मनपा प्रशासन की मिलीभगत जिम्मेदार रहने का आरोप लगाते हुए स्थानीय नगरसेवक रोहित काटे, स्वाति काटे, राजू बनसोडे ने स्थानीय लोगों के साथ पुणे- मुंबई हाइवे पर रास्ता रोको आंदोलन किया। इससे हाइवे की यातायात ठप्प पड़ी रही। पुलिस की पहल में मनपा जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता रामदास तांबे मौके पर पहुंचे तब आक्रोशित लोगों ने उन्हें घेरकर किल्लत का जवाब मांगा। बहरहाल इस आंदोलन से हाइवे की यातायात ठप्प पड़ने के कारण लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। इस आंदोलन के जरिए शहर में लागू प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन हुआ है। इसके लिये नगरसेवकों समेत 37 लोगों के खिलाफ भोसरी पुलिस ने मामला दर्ज किया है।