नागपुर में सड़क पर फेंका दूध, केंद्रीय कृषि मंत्री के खिलाफ केस दर्ज

नागपुर।
देश के सात राज्यों में जारी किसान हड़ताल का आज चौथा दिन है। महाराष्ट्र के नागपुर में केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह के बयान के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर दूध फेंक कर विरोध जताया। हांलाकि प्रदर्शन के दौरान किसानों ने दूध मांगने आए स्थानीय निवासियों को भी निराश नहीं किया और उनके बर्तनों में दूध दे दिया। गौरतलब हो कि केन्द्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने किसान आंदोलन को मीडिया में पब्लिसिटी पाने का एक तरीका बताया था। उन्होंने इस आंदोलन पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि, किसानों को मीडिया में आने के लिए असामान्य कार्य करना होता है। देश में 12-14 करोड़ किसान हैं। हमेशा से ऐसे संगठन रहेंगे जिनमें कुछ हजार लोग होंगे।’
कृषि मंत्री के खिलाफ केस
केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा किसानों की हड़ताल पर दिए बयान की वजह से उनके खिलाफ बिहार के मुजफ्फरपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में केस दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ सामाजिक कार्यकर्ता तमन्ना हाशमी ने यह केस दर्ज करवाया है।
दरअसल देश के कई राज्यों में आंदोलन कर रहे किसानों के संगठन की मांग है कि उन्हें अपने उत्पाद का लाभकारी मूल्य दिया जाए और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू किया जाए और उनके ऋणों को सरकार माफ कर दें।