मुख्यमंत्री का वंचित बहुजन आघाड़ी को छुपा समर्थन

पुणे : समाचार ऑनलाईन –  पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने शनिवार को पुणे में कहा कि लोकसभा चुनावों से लेकर प्रकाश आंबेडकर के वंचित बहुजन आघाड़ी को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत भाजपा का छुपा समर्थन रहा है। अब विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी की ताकत बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

पुणे के कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में चव्हाण ने भाजपा पर तंग कसते हुए कहा कि वंचित बहुजन आघाड़ी और भाजपा के क्या संबंध है यह लोकसभा चुनावों के समय सभी को पता चला है। वंचित को भाजपा और मुख्यमंत्री का छुपा समर्थन है और विधानसभा चुनावों के समय भी रहेगा। उनकी पार्टी की ताकत बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री प्रयासरत है। विधानसभा चुनावों के बाद वंचित बहुजन आघाड़ी का ही विपक्ष नेता होगा ऐसा खुद मुख्यमंत्री ने नांदेड में कहा था। अब मुख्यमंत्री ज्योतिष का भी काम करें।

विपक्षों को खत्म करने का षड़यंत्र

चव्हाण ने कहा कि मुख्यमंत्री अमित शहा की तरह साम, दाम, दंड, भेद का उपयोग कर विपक्षों के नेताओं को धमकाकर भाजपा में ले रहे हैं। जो नहीं आएंगे उनके खिलाफ जांच शुरू की जा रही है। केवल राकांपा ही नहीं बल्कि कांग्रेस के नेताओं को भी इसी प्रकार से धमकाकर भाजपा में लिया जा रहा है। विपक्षों को खत्म कर एक ही पार्टी का लोकतंत्र लाना यह भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का षड़यंत्र है। यह एक पार्टी की तानाशाही है। ऐसी टिप्पणी भी चव्हाण ने की।