बिहार में मौसम साफ, पारा गिरा

पटना, 20 दिसंबर (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – बिहार की राजधानी पटना तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को सुबह मौसम साफ रहा तथा सुबह से ही खिली हुई धूप निकली है। इस बीच हालांकि तापमान में गिरावट के कारण ठंड बढ़ गई है।

पटना में गुरुवार के न्यूनतम तापमान में बुधवार की तुलना में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। पटना का गुरुवार को न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, “अगले 24 से 48 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा तथा न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। शाम होने के बाद कोहरे का असर प्रारंभ हो जाएगा, जो सुबह दिन चढ़ने तक बना रहेगा।”

बिहार के भागलपुर का गुरुवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस, गया का 7.4 डिग्री तथा पूर्णिया का 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना का गुरुवार को अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है। बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।