दिल्ली में कड़ाके की ठंड

नई दिल्ली, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)| राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार सुबह दिसंबर की सबसे ठंडी सुबह रही। यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे लुढ़ककर चार डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने दो दिन और कड़ाके की ठंड का अनुमान जताया है। राजधानी में लगातार तीसरे दिन शीतलहर जारी रही।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “आज दिनभर आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय हल्की धुंध रहेगी।”

अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह 8.30 बजे आद्र्रता का स्तर 94 प्रतिशत रहा।

वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम सामान्य से दो डिग्री कम 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।