गुरुदास कामत के देहांत पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक

पुणे। समाचार ऑनलाइन  

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री गुरुदास कामत के निधन पर बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत तमाम नेताओं ने शोक जताया। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कामत को उत्कृष्ट संगठनात्मक कौशल वाला व्यक्ति बताया जो जनता के प्रति समर्पित थे। हमने एक ऐसा नेता खो दिया है जो जनता से, बहुत करीब से जुड़ा हुआ था।पूर्व केंद्रीय मंत्री 63 वर्षीय कामत का नई दिल्ली में दिल का दौरा पड़ने के कारण आज सुबह निधन हो गया था। उनके निधन पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने अपने शोक संदेश में कहा कि मुंबई की जनता के साथ कामत के संबंध बहुत अच्छे थे। वह शहर की समस्याओं को सुलझाने में हमेशा आगे रहते थे। कामत में ना सिर्फ कुशल संगठनात्मक क्षमता थी बल्कि वह बहुत पढ़ते थे और मुद्दों पर ठोस रुख रखते थे। राजनीति के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उनका योगदान प्रशंसनीय है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस के अध्यक्ष प्रमुख शरद पवार ने  कामत के निधन पर शोक जताते हुए कहा, हमने मुंबई के लोगों की नब्ज़ पहचानने वाले और संसद में हमेशा उनकी आवाज बनने वाले नेता को खो दिया। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कामत के निधन को बड़ा सदमा बताते हुए कहा कि यह सभ्य और विश्वास से भरे नेतृत्व का अंत है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में हम कामत के परिवार के साथ हैं।

 [amazon_link asins=’B07C2ZW7ZB,B075T1YTR9′ template=’ProductCarousel’ store=’policenama100-21′ marketplace=’IN’ link_id=’b4d620f5-a626-11e8-b665-09851758a0b7′]
कांग्रेस विधायक संजय दत्त ने कहा कि कामत बहुमुखी प्रतिभा के धनी और परिणामोन्मुख नेता थे। पार्टी और उसके नेतृत्व के प्रति उनकी वफादारी पार्टी कार्यकर्ताओं को हमेशा प्रेरित करती रहेगी। कांग्रेस के पूर्व महासचिव और महाराष्ट्र मामलों के प्रभारी मोहन प्रकाश ने कामत के निधन को कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति बताया। भाजपा सांसद किरीट सोमैया ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कामत बेहद शालीन राजनीतिज्ञ थे जो हमेशा मुंबई के लिए लड़े। लोकसभा चुनावों में हम एक-दूसरे के खिलाफ लड़ते रहे, कुछ जीते तो कुछ हारे भी। शिवसेना विधायक व प्रवक्ता मनीषा कयांडे ने कहा कि कामत अंतिम क्षणों तक अपनी पार्टी के साथ बने रहे। वे सिद्धांतों पर चलने वाले सच्चे कांग्रेसी थे, जिन्हें पूरा शहर पसंद करता था।