बिहार में ठंड का प्रकोप

पटना (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार सुबह मौसम साफ है और धूप खिली हुई है लेकिन इस बीच चल रही हवाओं और कोहरे से ठंड बढ़ी है। शुक्रवार को गया का न्यूनतम तापमान 5़ 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, राज्य के अन्य शहरों में पटना का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 9.0 डिग्री तथा पूर्णिया का 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि अगले 24 घंटे के दौरान बिहार के मौसम में बदलाव होने की संभावना है। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और रविवार के बाद बूंदाबांदी के भी आसार हैं।

पटना का शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने के आसार हैं। पटना का गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।