पुणे के दो आईपीएस अधिकारियों में छिड़ी कोल्ड वॉर

पुणे/समाचार ऑनलाइन

पुणे के दो आईपीएस अधिकारियों के बीच इन दिनों कोल्ड वॉर चल रही है। दरअसल, 15 अगस्त से नया पिंपरी चिंचवड पुलिस आयुक्तालय शुरू किया गया है, लेकिन इसके लिए मूल व्यवस्थाएं अब तक पूरी नहीं हो सकी हैं। स्टाफ संबंधी कार्य-योजना भी कागज़ से बाहर नहीं निकल सकी है, इसी बात को लेकर दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आपस में उलझ गए हैं। पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण को लेकर दोनों अधिकारियों में कोल्ड वॉर चल रही है।

पिंपरी चिंचवड स्थित ऑटो क्लस्टर एग्जीबिशन सेंटर में पालकमंत्री गिरीश बापट द्वारा 15 अगस्त को ध्वजारोहण कर पिंपरी चिंचवड पुलिस आयुक्तालय का औपचारिक उद्घाटन किया गया। फिलहाल नए आयुक्तालय का कार्य ऑटो क्लस्टर से चलाया जाएगा। दो से तीन महीने में चिंचवड के प्रेमलोक पार्क में पीसीएमसी स्कूल का कार्य पूरा होते ही आयुक्तालय को स्थानांतरित किया जाएगा। आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के बावजूद आयुक्तलय शुरू करने की जल्दबाजी का कारण जब गिरीश बापट से पूछा गया,  तो वो स्पष्ट जवाब देने से बचते रहे।

इस बारे में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्टाफ संबंधी जो वादा किया गया था, वो अब तक पूरा नहीं हुआ है। कुछ अधिकारियों को पुणे शहर पुलिस बल से स्थानांतरित भी नहीं किया गया है। इतना ही नहीं, पुणे पुलिस विभाग की ओर से जो वाहन उपलब्ध कराए गए हैं उनकी दशा भी बेहद ख़राब है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर आयुक्तलय शुरू करने की इतनी जल्दी क्या थी?

गौरतलब है कि अप्रैल में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में पिंपरी चिंचवड पुलिस आयुक्तालय के लिए 323 करोड़ रुपए मंजूर किए गए थे। इस आयुक्तालय पर 22 से 23 लाख लोगों की सुरक्षा का जिम्मा है, साथ ही 4 से 5 लाख ग्रामीण आबादी उसके लिए अतिरिक्त ज़िम्मेदारी की तरह है। औद्योगिक क्षेत्र के साथ ही पुणे-मुंबई एक्सप्रेस वे, पुणे-मुंबई महामार्ग, पुणे-नासिक, कर्जत-देहूरोड नए पुलिस आयुक्तालय की सीमा में शामिल किये गए हैं।

नए पुलिस आयुक्तालय की सीमा 625 स्क्वायर किलोमीटर है। आयुक्तालय में कार्यालयीन कर्मचारियों सहित 4 हजार 640 अधिकारी और कर्मचारी होंगे, जिसमें 2 हजार 207 अधिकारी और कर्मचारी पुणे शहर पुलिस आयुक्तालय और पुणे ग्रामीण पुलिस की ओर से स्थानांतरित किए गए हैं। जबकि 2 हजार 633 नए पद निर्माण किए गए हैं।

नए पुलिस आयुक्त के रूप में आर.के. पदमनाभन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पद पर मकरंद रानडे की नियुक्ति हुई है। इसके अलावा दो परिमंडलों का निर्माण किया गया है। परिमंडल 1 के लिए उपायुक्त र्स्मातना पाटिल, परिमंडल 2 के लिए नम्रता पाटिल को नियुक्त किया गया है। वहीं, विनायक ढाकणे मुख्यालय में उपायुक्त पद की ज़िम्मेदारी संभालेंगे।

एक पुलिस आयुक्तालय से दूसरा नया आयुक्तालय तैयार करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अब तक पुलिस थानों की सीमा संबंधी आदेश भी जारी नहीं किये गए हैं। साथ ही दोनों पुलिस आयुक्तालयों के कुछ पुलिस स्टेशनों की सीमा में भी फेरबदल किये जाने की ज़रूरत है। नया पुलिस आयुक्तालय शुरू होने पर पुणे पुलिस आयुक्तालय की परिमंडल रचना में भी बदलाव किया जाना है, जिसका आदेश नहीं निकाला गया है। दोनों आयुक्तालयों को स्वतंत्र रूप से चलाने के लिए बहुत से मुद्दे स्पष्ट करना आवश्यक है। ऐसे में वरिष्ठ अधिकारियों के बीच शुरू हुई कोल्ड वॉर का असर बाकी कर्मचारियों पर पड़ना लाज़मी है।