एग्जिट पोल से कांग्रेस खुश, भाजपा ने नकारा 

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – ताजा एग्जिट पोल के मुताबित, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भाजपा को झटका लगता दिख रहा है। वहीं कांग्रेस एग्जिट पोल के नतीजों से गदगद है। भाजपा ने एग्जिट पोल को खारिज करते हुए कहा है कि 11 दिसंबर के नतीजों का इंतजार करना चाहिए। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि मैं अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दूंगा, क्योंकि एक्जैक्ट नतीजे 11 दिसंबर को आएंगे। हमें नतीजों का इंतजार करना चाहिए। कई बार ऐसा हुआ है जब एग्जिट पोल के नतीजे पलट गए हैं।

मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम का पोल सामने आया है। जिसमें सबसे ज्यादा नुकसान भाजपा को होता दिख रहा है। जबकि कांग्रेस की सत्ता में वापसी होती दिख रही है। एग्जिट पोल के सामने आते ही अलग-अलग पार्टियों के बयान भी सामने आने लगे हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एग्जिट पोल के नतीजों पर कहा कि मैं सबसे बड़ा सर्वेयर हूं, जनता के बीच रहता हूं और हम सूबे में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे। राज्य मंत्री संजय पाठक ने भी सर्वे के दावों के विपरीत सरकार बनाने का किया दावा किया। उन्होंने कहा कि हम 135 से 140 सीट जीतेंगे।

इधर मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सूबे में 140 से अधिक सीटें जीतेगी। सभी सर्वे इसकी पुष्टि करते हैं। उधर, राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पालयट ने भी एक्जिट पोल को सही ठहराते हुए कहा कि यह बहुत आसानी से दिख रहा है कि भाजपा इन सभी पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों में बैकफुट पर है और कांग्रेस एक विकल्प दे रही है जिसका ज्यादातर लोग समर्थन कर रहे हैं। इन एग्जिट पोल से ये पता चल रहा है।