गठबंधन के लिए कांग्रेस-राष्ट्रवादी को हमारी ना बिल्कुल नहीं…. मगर

पुणे। पुणे समाचार ऑनलाइन

भाजपा के खिलाफ महागठबंधन के लिए हम सभी से अपील कर रहे हैं। कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस के लिए भी हमारी ना बिल्कुल नहीं है। बशर्ते लोकसभा चुनाव में धनगर, माली और घुमन्तु प्रजाति के लिए दो- दो सीटे दी जाय। यह बयान देकर भारिपा के अध्यक्ष प्रकाश आम्बेडकर ने महागठबंधन में शामिल होने की शर्तिया तैयारी दर्शायी है।

बुधवार को पुणे में संवाददाताओं से की गई बातचीत में उन्होंने केंद्र और राज्य में ताजा सियासी गतिविधियों पर भी अपनी भूमिका स्पष्ट की। उन्होंने कहा, आगामी लोकसभा, विधानसभा चुनाव के मद्देनजर वंचित बहुजन आघाडी की स्थापना की जा रही है। इसमें सभी बहुजन संगठनों को शामिल किया जायेगा। 27 तारीख से राज्य के हर जिले में जाकर इसका काम शुरू किया जा रहा है।

भाजपा के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश है। ऐसे में लोग कांग्रेस को एक विकल्प के तौर पर देख रहे हैं। हांलाकि उनके अकेले के हाथ में देश को सौंपना जनता स्वीकार नहीं करेगी अतः दूसरा विकल्प भी तलाशा जा रहा है। राष्ट्रवादी के हाइकमान शरद पवार के पगड़ी विवाद पर उन्होंने कहा कि, पवार ने फुले पगड़ी स्वीकारी यह बात स्वागत करने लायक है। हम पेशवाई के खिलाफ हैं, ऐसे में उनकी पगड़ी के विरोध में रहना लाजिमी है। पवार को हम पुरोगामी ही समझते हैं हांलाकि उनकी कुछ प्रतिगामी भूमिका उन्हें त्यागनी होगी।